उत्तर प्रदेश

मिल्कीपुर में कांग्रेस का हाथ साइकिल के साथ

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर अपना रुख साफ कर दिया है। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दिल्ली चुनाव के ऐलान के बाद आम आदमी पार्टी को समर्थन देने की घोषणा कर दी। इसके साथ ही यह तय हो गया कि समाजवादी पार्टी दिल्ली चुनाव में इंडिया गठबंधन के सहयोगी कांग्रेस पार्टी को समर्थन नहीं देगी। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष की इस घोषणा के बाद इंडिया गठबंधन के भविष्य पर सवाल उठने लगे हैं। दरअसल, कांग्रेस की सहयोगी दलों की अनदेखी का मुद्दा पिछले दिनों खूब गरमाया था। इसके बाद अब अखिलेश यादव की घोषणा से दिल्ली से लखनऊ तक की राजनीति गरमाती दिख रही है।

दिल्ली विधानसभा चुनाव के वोट 5 फरवरी को डाले जाएंगे। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच विधानसभा चुनाव को लेकर गठबंधन नहीं हो पाया। इसके बाद दोनों दल अलग-अलग चुनाव लड़ रहे हैं। लोकसभा चुनाव के दौरान आम आदमी पार्टी और कांग्रेस इंडिया गठबंधन के साथ थे। समाजवादी पार्टी भी इंडिया गठबंधन का हिस्सा है। इसके बाद भी सपा अध्यक्ष ने कांग्रेस को समर्थन देने की जगह आप का साथ दिया। हालांकि, दिल्ली विधानसभा चुनाव के साथ मिल्कीपुर उपचुनाव की भी घोषणा हुई है। मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस पार्टी ने समाजवादी पार्टी को समर्थन देने की बात कही है।

सपा नहीं लड़ेगी दिल्ली चुनाव
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को समर्थन देने का ऐलान किया है। साथ ही यह भी साफ कर दिया है कि पार्टी दिल्ली विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेगी। अखिलेश यादव के समर्थन के लिए आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सपा अध्यक्ष आभार जताया है। अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि बहुत बहुत शुक्रिया अखिलेश जी। आपका हमेशा हमें सपोर्ट और साथ रहता है। इसके लिए मैं और दिल्ली की जनता आपकी आभारी है।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि जो भारतीय जनता पार्टी को हराएगा, सपा उसका साथ देगी। सपा अध्यक्ष ने साफ किया कि दिल्ली मे कांग्रेस के पास मजबूत संगठन नहीं है। ऐसे में हमारा दल आम आदमी पार्टी को समर्थन देगा। मैं आम आदमी पार्टी के साथ मंच शेयर करूंगा। दिल्ली में भाजपा को आप ही हरा पाएगी। ऐसे में जो भाजपा को हराएगा, सपा उसके साथ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button